ब्राइट स्टार स्कूल में हर्षोल्लास से मनाया रक्षाबंधन पर्व
शाजापुर : ब्राइट स्टार हायर सेकेंडरी स्कूल अकोदिया में रक्षाबंधन पर्व उत्साह, प्रेम और भाई-बहन के स्नेह के साथ हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की सभी कक्षाओं के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर छात्राएँ अपने घर से सुंदर राखियाँ लेकर विद्यालय पहुँचीं और अपनी कक्षा के विद्यार्थियों को राखी बाँधकर भाई-बहन के प्रेम, स्नेह एवं आपसी विश्वास का संदेश दिया। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भी इस पर्व को बड़े उत्साह के साथ मनाया। कार्यक्रम में संस्था प्रधान नरेन्द्र मेहता उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को रक्षाबंधन पर्व के महत्व के बारे में बताते हुए कहा कि यह पर्व केवल भाई-बहन के रिश्ते का प्रतीक ही नहीं, बल्कि प्रेम, सुरक्षा, सम्मान और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करने का अवसर भी है।
विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम में विद्यालय के वाहन चालकों के प्रति भी सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त किया गया, जो प्रतिदिन बच्चों को सुरक्षित रूप से विद्यालय लाने-ले जाने की जिम्मेदारी निभाते हैं। विद्यार्थियों ने उन्हें भी राखी बाँधकर उनके प्रति अपना स्नेह और आभार व्यक्त किया।
रक्षाबंधन के इस आयोजन से विद्यालय परिसर में पूरे दिन उत्साह, उमंग और भाईचारे का वातावरण बना रहा। विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ने वाले ऐसे आयोजनों को संस्कार निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। ब्राइट स्टार हायर सेकेंडरी स्कूल, अकोदिया में रक्षाबंधन पर्व प्रेम, स्नेह, सुरक्षा और संस्कारों के सुंदर संदेश के साथ यादगार रूप से मनाया गया।
रिपोर्टर : रमेश राजपूत
No Previous Comments found.