हिंदी दिवस पर कविता पाठ से गूंजा शुजालपुर महाविद्यालय, विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

शाजापुर : जवाहरलाल नेहरू स्मृति शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, शुजालपुर में हिंदी दिवस के अवसर पर आयोजित हिंदी पखवाड़ा कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत 16 सितंबर को भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ (IKS) के तत्वावधान में कविता पाठ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी भाषा एवं साहित्य के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ उनकी रचनात्मक अभिव्यक्ति और साहित्यिक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम का संचालन डॉ. दीप्ति निगम ने किया। कविता पाठ में महाविद्यालय के बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर स्वरचित एवं चयनित कविताओं का प्रभावी पाठ कर अपनी साहित्यिक एवं रचनात्मक प्रतिभा का परिचय दिया। उनकी प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार शर्मा ने हिंदी भाषा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिंदी केवल संप्रेषण का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध सांस्कृतिक एवं साहित्यिक विरासत की महत्वपूर्ण संवाहक है। उन्होंने विद्यार्थियों को हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग तथा साहित्य के अध्ययन के लिए प्रेरित किया।

भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ के अधिकारी डॉ. आनंद कुमार अजनोदिया ने हिंदी भाषा और भारतीय ज्ञान परंपरा के संबंध पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि भारतीय भाषाओं और साहित्य में ज्ञान, जीवन-मूल्यों और अनुभवों की समृद्ध परंपरा निहित है, जिसे हिंदी के माध्यम से नई पीढ़ी तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जा सकता है।
कार्यक्रम में सहायक प्राध्यापक मोना जाटव एवं श्री गजेंद्र कुमार पाटीदार ने भी अपनी कविताओं की सुंदर प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुतियों ने उपस्थित विद्यार्थियों एवं श्रोताओं का मन मोह लिया और विद्यार्थियों को हिंदी कविता के प्रति और अधिक प्रेरित किया। डॉ. अर्पणा श्रीवास्तव एवं डॉ. सरिता बेरिवाल की उपस्थिति एवं मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए रचनात्मक, ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी रहा।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में सुश्री अंकिता वर्मा ने आभार व्यक्त करते हुए प्राचार्य, प्राध्यापकगण, भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ तथा कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता करने वाले सभी विद्यार्थियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

 रिपोर्टर : रमेश राजपूत

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.