मिशन शक्ति 6.0 के तहत छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक एलबीजेपी इंटर कॉलेज मदनापुर में पुलिस ने बताए साइबर अपराध से बचाव के तरीके

शाहजहांपुर :  मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत 15 अक्टूबर 2026 को थाना मदनापुर पुलिस की ओर से एलबीजेपी इंटर कॉलेज मदनापुर में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम में प्रभारी निरीक्षक मदनापुर सत्य प्रकाश सिंह, मिशन शक्ति प्रभारी उपनिरीक्षक उदयवीर सिंह सहित मिशन शक्ति टीम मौजूद रही। पुलिसकर्मियों ने छात्र-छात्राओं को साइबर वित्तीय धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताते हुए कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत जानकारी, ओटीपी, सीवीवी और एटीएम पिन साझा न करें। बैंक कभी भी फोन पर इन गोपनीय जानकारियों की मांग नहीं करते हैं।

पुलिस टीम ने बताया कि अनजान मोबाइल नंबर से प्राप्त लिंक पर क्लिक करने से बचें। किसी अज्ञात व्यक्ति की ओर से भेजे गए क्यूआर कोड को बिना जांचे स्कैन न करें। ऑनलाइन वित्तीय लेनदेन करते समय संबंधित विभाग या संस्था की आधिकारिक वेबसाइट का ही इस्तेमाल करें।

इसके साथ ही छात्र-छात्राओं को बताया गया कि यदि फेसबुक, मैसेंजर या व्हाट्सएप पर किसी परिचित के नाम से रुपये मांगे जाएं, तो पहले संबंधित व्यक्ति से फोन पर पुष्टि अवश्य करें। किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर पैसे न भेजें, क्योंकि सोशल मीडिया अकाउंट फर्जी या हैक हो सकता है। बच्चों को ऑनलाइन गेमिंग के जोखिमों के बारे में भी जानकारी दी गई।

पुलिस ने साइबर वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने और साइबर अपराध की सूचना पुलिस को देने की अपील की। महिलाओं की सुरक्षा के लिए 1090 तथा आपातकालीन सहायता के लिए 112 नंबर की जानकारी भी दी गई।

पुलिस टीम ने नागरिकों से अपील की कि वे साइबर अपराध से बचाव संबंधी जानकारियों को सोशल मीडिया, व्हाट्सएप और फेसबुक के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं, ताकि ऑनलाइन ठगी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

इस अवसर पर उपनिरीक्षक रणजीत सिंह, गौरव तोमर, महिला आरक्षी प्रीति शर्मा, मीनू, रूबी और प्रियंका सहित कॉलेज के प्रधानाचार्य सत्येंद्र पाल सिंह, जितेंद्र मिश्रा, रीना शर्मा, मेहताब सिंह तथा अन्य लोग उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : महेश द्विवेदी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.