शुजालपुर के उभरते क्रिकेट सितारे अनुकूल गोयल का संभाग स्तरीय अंडर-14 प्रतियोगिता में चयन
शाजापुर : नगर के उभरते और होनहार क्रिकेट खिलाड़ी अनुकूल गोयल ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और शानदार खेल प्रदर्शन के दम पर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। अनुकूल गोयल, पिता सतीश गोयल, का चयन संभाग स्तरीय अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से शुजालपुर के खेल जगत में हर्ष का माहौल है।
अनुकूल गोयल 16 अक्टूबर को रतलाम में आयोजित होने वाली संभाग स्तरीय अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता में भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। कम उम्र में संभाग स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयनित होना उनकी मेहनत, लगन और क्रिकेट के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
अनुकूल के चयन की खबर मिलते ही उनके परिवार, मित्रों और खेल प्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई। खेल जगत से जुड़े लोगों ने उम्मीद जताई कि अनुकूल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर शुजालपुर का नाम रोशन करेंगे और भविष्य में राज्य स्तर पर भी अपनी पहचान बनाएंगे।
अनुकूल गोयल की इस उपलब्धि पर गजेंद्र पाटीदार, देवेंद्र कुंभकार, वैभव परमार, नरेंद्र परमार, मनीष गुप्ता, मयंक पटेल, ममतेश परमार और सोनू मेवाड़ा सहित नगर के अनेक खेल प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें एवं उनके परिवार को बधाई दी। सभी ने अनुकूल के उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना करते हुए प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
युवा खिलाड़ियों के लिए बने प्रेरणा
शुजालपुर के युवा खिलाड़ियों का खेल के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ना नगर के लिए गर्व की बात है। अनुकूल गोयल का संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन अन्य युवा खिलाड़ियों को भी मेहनत करने और अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा। नगरवासियों को उम्मीद है कि अनुकूल अपनी प्रतिभा के दम पर भविष्य में नई ऊंचाइयां हासिल करेंगे।
रिपोर्टर : रमेश राजपूत

No Previous Comments found.