शुजालपुर मंडी में सट्टे पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 10 आरोपी गिरफ्तार

शाजापुर :   शाजापुर जिले में अवैध गतिविधियों और जुआ-सट्टे पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत शुजालपुर मंडी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने सट्टा अंक लिखते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से ₹15,610 नगद, 13 मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है। सभी आरोपियों के विरुद्ध सट्टा एक्ट के तहत दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर को मुखबिर से सट्टा संचालित होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र सिंह तारणेकर और एसडीओपी निमेष कुमार देशमुख के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक शिवकुमार यादव, पोलायकलां चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक आरसी यादव और उपनिरीक्षक प्रदीप सिंह तोमर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दो दल बनाकर बस स्टैंड शुजालपुर मंडी और टेम्पो चौराहे पर दबिश दी।
ये 10 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने अजय ठाकुर (28), शुभम ठाकुर (32), उस्मान खां (45), गोविंद सिंह (63), लखन राजपूत (31), बलराम सूर्यवंशी (34), मुकेश नाहर (49), युसुफ खां (35), जुगल किशोर पंवार (60) और बनेसिंह मालवीय (42) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के निवास स्थान शुजालपुर मंडी, शुजालपुर सिटी और आसपास के क्षेत्रों में बताए गए हैं।
दो प्रकरण दर्ज
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध थाना शुजालपुर मंडी में अपराध क्रमांक 352/26 एवं 353/26 के तहत धारा 4(क) सट्टा एक्ट में प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी शिवकुमार यादव, उपनिरीक्षक तेजप्रकाश बोहरे, आरसी यादव, प्रदीप सिंह तोमर सहित थाना एवं चौकी के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
शाजापुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध गतिविधियों और जुआ-सट्टे के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

रिपोर्टर :  रमेश राजपूत

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.