भीलखेड़ी में भूगोल विभाग के विद्यार्थियों ने किया सामाजिक एवं आर्थिक सर्वेक्षण

शाजापुर : जवाहरलाल नेहरू स्मृति शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, शुजालपुर के भूगोल विभाग के स्नातकोत्तर विद्यार्थियों द्वारा ग्राम भीलखेड़ी में सामाजिक एवं आर्थिक सर्वेक्षण किया गया। भूगोल विभागाध्यक्ष प्रो. संध्या सोलंकी के मार्गदर्शन में आयोजित इस सर्वेक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों को ग्रामीण समाज की सामाजिक एवं आर्थिक संरचना, आजीविका के साधनों तथा ग्रामीण विकास की परिस्थितियों का व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करना था।

सर्वेक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने घर-घर जाकर ग्रामीण परिवारों से संवाद किया और अनुसूची के माध्यम से प्राथमिक आंकड़े एकत्रित किए। इस दौरान ग्राम की जनसंख्या संरचना, शैक्षणिक स्थिति, परिवारों की सामाजिक पृष्ठभूमि, रोजगार एवं व्यवसाय, कृषि गतिविधियों, आय के स्रोतों, आवासीय सुविधाओं, पेयजल, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित जानकारी जुटाई गई।
विद्यार्थियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर उनके सामने आने वाली समस्याओं को समझने के साथ ही गांव में विकास की संभावनाओं का भी अध्ययन किया। इस क्षेत्रीय सर्वेक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को ग्रामीण जीवन की विविधताओं और सामाजिक-आर्थिक परिस्थितियों को नजदीक से जानने का अवसर मिला।
अनुभवात्मक शिक्षा पर दिया जोर
इस प्रकार के क्षेत्रीय सर्वेक्षण विद्यार्थियों में शोधपरक दृष्टिकोण, विश्लेषणात्मक क्षमता, संवाद कौशल और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह गतिविधि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की व्यावहारिक, अनुभवात्मक एवं कौशल आधारित शिक्षा की अवधारणा के अनुरूप रही, जिसमें विद्यार्थियों को कक्षा शिक्षण के साथ वास्तविक परिस्थितियों में अध्ययन करने का अवसर दिया जाता है।
भूगोल विभाग की प्रो. संध्या सोलंकी, डॉ. आशीष यादव एवं दुर्गा प्रसाद शर्मा की इस पहल को विद्यार्थियों को शोध एवं क्षेत्रीय अध्ययन से जोड़ने तथा ग्रामीण विकास की चुनौतियों के प्रति संवेदनशील बनाने की दिशा में एक सार्थक शैक्षणिक प्रयास माना जा रहा है। सर्वेक्षण में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए सामाजिक एवं आर्थिक सर्वेक्षण की वैज्ञानिक पद्धतियों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया।

रिपोर्टर : रमेश राजपूत

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.