पूर्व कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना को समारोहपूर्वक दी गई विदाई

शाजापुर : जिले की पूर्व कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना के स्थानांतरण के पश्चात गत दिवस विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिला प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानपूर्वक विदाई दी तथा उनके कार्यकाल के दौरान मिले मार्गदर्शन एवं सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।

विदाई समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व कलेक्टर सुश्री बाफना ने कहा कि शाजापुर जिले में अपने कार्यकाल के दौरान उन्हें बहुत कुछ सीखने का अवसर मिला। उन्होंने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों और अनुभवों का श्रेय पूरी टीम को देते हुए कहा कि किसी भी कार्य को बेहतर ढंग से पूरा करने के लिए आपसी समन्वय, संवाद और टीम भावना महत्वपूर्ण होती है। कार्य प्रबंधन के संबंध में उन्होंने कहा कि सभी स्तरों पर निरंतर संवाद बनाए रखना और आपसी समन्वय के साथ कार्य करना आवश्यक है।

पूर्व कलेक्टर सुश्री बाफना ने जिले की जनता, जनप्रतिनिधियों तथा सभी शासकीय सेवकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें अपने कार्यकाल के दौरान सभी का अच्छा सहयोग प्राप्त हुआ। 

नवागत कलेक्टर डॉ. परिक्षित संजयराव झाड़े ने अपने संबोधन में पूर्व कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना के कार्यकाल के अनुभवों एवं उनके द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिले में प्रशासनिक कार्यों को बेहतर समन्वय एवं टीम भावना के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग से जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।

पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रियंका शुक्ला ने भी पूर्व कलेक्टर सुश्री बाफना के साथ कार्य करने के अनुभव साझा करते हुए उनके सहयोग एवं मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन एवं पुलिस के बीच बेहतर समन्वय से जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा जनहित से जुड़े कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने में मदद मिलती है।

अपर कलेक्टर काशीराम बड़ोले ने कहा कि पूर्व कलेक्टर सुश्री बाफना का कार्य करने का तरीका, अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ समन्वय एवं कार्यों के प्रति प्रतिबद्धता सभी के लिए प्रेरणादायी रही। उन्होंने उनके आगामी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

जिला पंचायत सीईओ शैलेन्द्र सिंह सोलंकी ने पूर्व कलेक्टर सुश्री बाफना के साथ कार्य करने के अनुभव साझा करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में विभिन्न प्रशासनिक एवं विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का अवसर मिला। उन्होंने उनके सहयोग एवं नेतृत्व के लिए आभार व्यक्त किया। इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी शाजापुर सुश्री मनीषा वास्कले, शुजालपुर श्रीमती अंकिता पाटकर, गुलाना सुश्री नेहा गंगारे सहित अन्य ने भी सम्बोधित कर आगामी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

साथ ही समारोह में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी उनके साथ कार्य करने के अनुभव साझा किए तथा उनके आगामी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेन्द्र तारणेकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारीगण मौजूद थे।

रिपोर्टर : रमेश राजपूत

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.