गीता पब्लिक स्कूल मकोड़ी में धूमधाम से मना बाल दिवस, बाल मेले में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा

शाजापुर : गीता पब्लिक स्कूल मकोड़ी में हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ भव्य बाल मेले का आयोजन किया गया। आयोजन में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और हुनर का शानदार प्रदर्शन किया। बाल मेले में बच्चों द्वारा विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों एवं आकर्षक स्टॉल लगाए गए, जिनका अभिभावकों और अतिथियों ने भरपूर आनंद लिया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने आकर्षक प्रोजेक्ट प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किए। इन प्रोजेक्ट्स के माध्यम से बच्चों ने अपने ज्ञान, वैज्ञानिक सोच और नवाचार की क्षमता का परिचय दिया। वहीं भगवान श्री गिरिराज जी की आकर्षक एवं मनमोहक झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिसे देखकर उपस्थित अतिथि एवं अभिभावक काफी प्रभावित हुए।

बाल मेले में बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। विद्यार्थियों ने न केवल अपने हुनर का प्रदर्शन किया, बल्कि स्टॉल संचालन और प्रोजेक्ट प्रस्तुति के माध्यम से व्यवहारिक ज्ञान एवं आत्मविश्वास का भी परिचय दिया। अभिभावकों की उपस्थिति और प्रोत्साहन से बच्चों का उत्साह दोगुना हो गया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य रवि सोनी, शीतल सोनी, सुनील सर, बृजेश सर, राहुल सर, शिवचरण सर, नंदराम सर, मिस बबीता, मिस नैना, मिस पुष्पा एवं लालजी राम जी सहित विद्यालय परिवार उपस्थित रहा। सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने आपसी सहयोग एवं समर्पण के साथ आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि बाल दिवस जैसे आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं। ऐसे कार्यक्रमों से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, सहयोग की भावना एवं व्यवहारिक ज्ञान का विकास होता है। विद्यालय में बच्चों के सर्वांगीण विकास और उनकी छिपी प्रतिभाओं को निखारने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन निरंतर किए जाते रहेंगे।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अभिभावकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

रिपोर्टर : रमेश राजपूत

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.