प्रीति सिंह राठौड़ ने युवा संसद में हासिल किया प्रथम स्थान, ज्योति विश्वकर्मा द्वितीय एवं अनुष्का मेवाड़ तृतीय रहीं

शाजापुर : विकसित भारत राष्ट्रीय युवा संसद 2026–27 का जिला स्तरीय आयोजन संपन्न, नशामुक्त भारत के निर्माण पर युवाओं ने रखे विचार शाजापुर युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के मेरा युवा भारत के तत्वावधान में आज दिनांक 17 नवंबर 2026 को जवाहरलाल नेहरू स्मृति शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, शुजालपुर मंडी में विकसित भारत राष्ट्रीय युवा संसद 2026–27 का जिला स्तरीय आयोजन उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। इस वर्ष युवा संसद का विषय " विकसित भारत के लिए नशा मुक्तयुवा " निर्धारित किया गया था, जिसके अंतर्गत जिले के युवाओं ने नशे की समस्या, उसके सामाजिक दुष्परिणामों तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन के उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ऑनलाइन माध्यम से लाइव जुड़े तथा उपस्थित युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने युवाओं को सकारात्मक सोच, अनुशासन एवं सामाजिक जिम्मेदारी के साथ राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। इसी क्रम में मेरा युवा भारत, मध्यप्रदेश के राज्य निदेशक श्री मंगल जाखड़ भी ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े और युवाओं का मार्गदर्शन किया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य राजेश शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं जिला युवा अधिकारी, मेरा युवा भारत शाजापुर सागर वाधवानी ने आयोजन की रूपरेखा एवं उद्देश्य से अवगत कराते हुए बताया कि युवा संसद का उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय परंपराओं, नेतृत्व क्षमता एवं अभिव्यक्ति कौशल से जोड़ना है। इसके माध्यम से युवाओं को राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर अपने विचार रखने तथा समाधान प्रस्तुत करने का अवसर मिलता है।

प्रतियोगिता के निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण मूल्यांकन के लिए पांच सदस्यीय निर्णायक मंडल गठित किया गया था, जिसमें डॉ. सुनील मित्तल, दिनेश व्यास, किशोर खन्ना, श्रीमती अर्चना त्यागी एवं डॉ. महेंद्र सितपरा शामिल रहे। निर्णायक मंडल द्वारा प्रतिभागियों के विषय ज्ञान, तार्किक क्षमता, विचारों की मौलिकता, प्रस्तुतीकरण एवं भाषण शैली के आधार पर मूल्यांकन किया गया।

प्रतियोगिता के परिणामों में प्रथम स्थान प्रीति सिंह राठौड़, द्वितीय स्थान ज्योति विश्वकर्मा एवं तृतीय स्थान अनुष्का मेवाड़ ने प्राप्त किया। विजेताओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही प्रतियोगिता में सहभागिता करने वाले सभी प्रतिभागियों को भी प्रमाण-पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया।

युवा संसद के दौरान प्रतिभागियों ने नशे के दुष्परिणामों, युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति, परिवार एवं समाज पर इसके प्रभाव तथा नशामुक्त भारत के निर्माण में युवाओं की जिम्मेदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम में नशामुक्ति की सामूहिक शपथ भी दिलाई गई, जिसके माध्यम से उपस्थित युवाओं ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने के लिए नशा मुक्ति की शपथ लेकर,जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. मुकेश सिंह मेवाड़ द्वारा किया गया। इस अवसर पर डॉ. भुवनेश्वर कुमार त्यागी सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, कार्यालयीन स्टाफ एवं बड़ी संख्या में प्रतिभागी युवा उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में मेरा युवा भारत के स्वयंसेवकों कपिल मेवाड़ा, हर्षित भावसार, शुभम सिंह तंवर, मृत्युंजय यादव, आनंद सेन, सोमेश खन्ना, अमन राठौर एवं संदीप वर्मा का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

कार्यक्रम के अंत में जिला युवा अधिकारी सागर वाधवानी द्वारा सभी अतिथियों, निर्णायक मंडल, महाविद्यालय परिवार, प्रतिभागियों एवं स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। उन्होंने कहा कि युवा संसद जैसे आयोजन युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने तथा नशामुक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित करते हैं।

रिपोर्टर : रमेश राजपूत

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.