पानी की ठेल में डूबने से दो वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम

शाजापुर - जिले के ग्राम बड़ोद राणा खेड़ा में एक हृदयविदारक हादसे में दो वर्षीय मासूम बालक की पानी की ठेल में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बड़ोद राणा खेड़ा निवासी शिक्षक देवजी राजपूत के पुत्र मोहन का दो वर्षीय बालक घर के आसपास खेल रहा था। इसी दौरान खेलते-खेलते वह पशुओं के लिए पानी भरकर रखी गई ठेल में जा गिरा। पानी में डूबने से बालक की हालत गंभीर हो गई।

परिजन तत्काल बालक को अकोदिया सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हालांकि, परिजन को इस बात पर विश्वास नहीं हुआ और वे बालक को उपचार की उम्मीद में शुजालपुर स्थित निजी अस्पताल जश हॉस्पिटल ले जाने के लिए रवाना हो गए। वाहन का इंतजार किए बिना परिजन बालक को दोपहिया वाहन से ही शुजालपुर लेकर पहुंचे। इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। महज दो वर्ष की उम्र में मासूम की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

रिपोर्टर - रमेश राजपूत

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.