कालापीपल में फिट इंडिया ‘संडेज ऑन साइकिल’ की 100वीं ऐतिहासिक एडिशन का आयोजन

शाजापुर - भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत (MY Bharat) द्वारा संचालित फिट इंडिया मूवमेंट के तहत रविवार को कालापीपल में ‘फिट इंडिया – संडेज ऑन साइकिल’ की 100वीं ऐतिहासिक एडिशन का आयोजन किया गया। सहारा पब्लिक स्कूल में सुबह 10 बजे आयोजित कार्यक्रम में युवाओं और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर फिटनेस एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में खंड शिक्षा अधिकारी कमल जी उपस्थित रहे। इस अवसर पर सहारा पब्लिक स्कूल, कालापीपल से सीएम राइज विद्यालय तक साइकिल रैली निकाली गई। रैली में शामिल युवाओं एवं विद्यार्थियों ने नियमित साइकिलिंग अपनाने, स्वस्थ जीवनशैली जीने और पर्यावरण को सुरक्षित रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान युवाओं को मेरा युवा भारत पोर्टल के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें पोर्टल पर पंजीकरण, स्वयंसेवा के अवसर, नेतृत्व विकास तथा सामाजिक और राष्ट्र निर्माण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही संडेज ऑन साइकिल अभियान के उद्देश्यों एवं इसकी 100वीं एडिशन के महत्व से भी अवगत कराया गया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि स्वस्थ युवा ही सशक्त राष्ट्र की आधारशिला हैं। नियमित योग, व्यायाम और साइकिलिंग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर न केवल अपने स्वास्थ्य को बेहतर बनाया जा सकता है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। कार्यक्रम को सफल बनाने में स्वयंसेवक कपिल मेवाड़ एवं हर्षित भावसार के साथ मनोज दुबे एवं मिकीलेश जी का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को फिटनेस के प्रति जागरूक करना, नियमित शारीरिक गतिविधियों के लिए प्रेरित करना तथा नशामुक्त, स्वस्थ एवं जिम्मेदार युवा पीढ़ी के निर्माण का संदेश जन-जन तक पहुंचाना रहा। कार्यक्रम के अंत में “फिटनेस का डोज, आधा घंटा रोज!” का संदेश दिया गया। आयोजन मेरा युवा भारत, शाजापुर द्वारा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत किया गया

रिपोर्टर - रमेश राजपूत

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.