पीआरडी महिला जवान की संदिग्ध परिस्थितियों मौत,पति पर हत्या का आरोप

शाहजहांपुर - जिले में पीआरडी की एक महिला जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मायके पक्ष ने पति पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया। आक्रोशित परिजनों ने कार्रवाई की मांग को लेकर जाम लगाने का प्रयास किया, जिसे पुलिस ने समझाकर शांत कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जलालाबाद थाना क्षेत्र की रहने वाली 32 वर्षीय गुड़िया पीआरवी के माध्यम से जलालाबाद थाने में पीआरडी जवान के रूप में तैनात थीं। करीब दस वर्ष पहले उनकी शादी परौर थाना क्षेत्र के जरौरी गांव निवासी विकास से हुई थी। उनके दो बेटे हैं,जिनमें एक की उम्र पांच वर्ष और दूसरा पांच माह का है।मृतका के भाई विनोद ने बताया कि बुधवार शाम करीब चार बजे उन्हें बहन की मौत की सूचना मिली। परिवार के लोग ससुराल पहुंचे तो वहां कोई मौजूद नहीं था। इसके बाद डायल-112 पर सूचना दी गई। पुलिस के पहुंचने के बाद ससुराल पक्ष शव को घर लेकर आया। विनोद का आरोप है कि विकास दहेज की मांग को लेकर गुड़िया को लगातार प्रताड़ित करता था। वह हर महीने उसकी पूरी सैलरी भी अपने पास रख लेता था और अक्सर मारपीट करता था। उनका दावा है कि गुड़िया के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है। परिजनों के मुताबिक करीब दो वर्ष पहले भी गुड़िया ने पति की प्रताड़ना की शिकायत पुलिस से की थी। उस समय दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया गया था, जिसके बाद वह दोबारा ससुराल में रहने लगी थी। घटना के बाद मायके पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस दौरान कुछ देर के लिए जाम लगाने की भी कोशिश की गई,लेकिन पुलिस ने उन्हें समझाकर स्थिति को सामान्य कराया।  सीओ जलालाबाद ज्योति यादव ने बताया कि महिला की इलाज के दौरान मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्टर - रवि कुमार 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.