साढ़ू के घर रिश्तेदारी में अधेड व्यक्ति गांव किनारे अचेत अवस्था मे मिला

शाहजहांपुर/मदनापुर : थाना मदनापुर क्षेत्र के ग्राम रतनपुर में रिश्तेदारी में आए करीब 55 वर्षीय व्यक्ति का शव गांव से करीब 500 मीटर दूर सड़क किनारे मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान राम सिंह पुत्र लल्लू निवासी ग्राम मड़ई, थाना गढ़िया रंगीन के रूप में हुई।

जानकारी के अनुसार राम सिंह अपने साढ़ू राम लड़ैते निवासी रतनपुर के यहां आ रहे थे। गांव से पहले नगरिया जाने वाले रास्ते पर वह सड़क किनारे बेहोशी की हालत में पड़े मिले। राहगीरों ने इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों में राम लड़ैते ने उनकी पहचान अपने रिश्तेदार के रूप में की।

इसके बाद परिजन उन्हें घर ले गए और वाहन की व्यवस्था कर इलाज के लिए तिलहर स्थित चिकित्सक के पास ले गए। वहां डॉक्टर ने राम सिंह को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना तत्काल उनके परिजनों को दी गई, जिसके बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए।

मृतक अपने पीछे पत्नी नन्ही देवी, चार पुत्र और दो पुत्रियां छोड़ गए हैं। तीन पुत्रों और दोनों पुत्रियों का विवाह हो चुका है, जबकि सबसे छोटा पुत्र सेठपाल अविवाहित है।

सूचना पर पहुंची मदनापुर पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

रिपोर्टर : महेश

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.