पीड़ित महिला न्याय के लिए लगा रही सात दिन से थाने के चक्कर

शाहजहांपुर - मदनापुर थाना क्षेत्र के बौरी नई बस्ती गांव में गुरुवार को एक महिला पिछले सात दिनों से थाने के चक्कर लगा रही है। महिला का आरोप है कि आधी रात उसके घर में घुसकर चोरी और मारपीट की गई। उसने 17 सितंबर को पुलिस में शिकायत दी थी, लेकिन अब तक आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है। गुरुवार को महिला फिर थाने पहुंची और रोते हुए कार्रवाई की मांग की। गांव बौरी की रहने वाली रामगुनी, जो स्वर्गीय भूरेलाल की पत्नी हैं, ने मदनापुर थाना प्रभारी को दिए आवेदन में बताया। उन्होंने कहा कि 16-17 सितंबर की रात करीब एक बजे गांव का ही आकाश, पुत्र दुर्विजय  चोरी के इरादे से उनके घर में घुस आया। रामगुनी उस समय जाग रही थीं। जब उन्होंने और उनके बच्चों ने आकाश को पकड़ने की कोशिश की, तो आरोपी ने गाली-गलौज की, मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर भाग गया।
महिला ने बताया कि घटना के बाद जब उन्होंने

घर में रखा बैग देखा, तो उसमें से उनकी बेटी के कुंडल गायब थे। आरोप है कि युवक कुंडल भी चुरा ले गया। रामगुनी ने अपने आवेदन में यह भी बताया है कि यह युवक पहले भी उनके घर में घुसकर चोरी कर चुका है।महिला के मुताबिक, उसने 17 सितंबर को ही मदनापुर थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की थी। लेकिन सात दिन बीतने के बाद भी उसे कार्रवाई के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। तब से वह लगातार थाने के चक्कर लगा रही है। गुरुवार को वह फिर थाने पहुंची और पुलिस के सामने रोते हुए अपनी पूरी बात बताई। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई करने और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है। महिला के आरोपों की सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगी।
मदनापुर थाना प्रभारी सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

रिपोर्टर - महेश द्विवेदी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.