ग्रेड पे, वेतन विसंगति और भत्तों को लेकर विरोध; 8 अक्टूबर से तहसील व जिला स्तर पर धरना प्रदर्शन
शाहजहांपुर - मदनापुर लंबित मांगों को लेकर उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ का विरोध प्रदर्शन शनिवार को थाना समाधान दिवस के द्वितीय शनिवार पर मदनापुर थाना परिसर में भी हुआ। लेखपालों ने ग्रेड पे, वेतन विसंगति, यात्रा भत्ता और स्टेशनरी भत्ते सहित विभिन्न मांगों को उठाते हुए शासन-प्रशासन से समाधान की मांग की। संघ ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर 17 अक्टूबर से संपूर्ण कार्य बहिष्कार किया जाएगा।
जिला अध्यक्ष अरविंद कनौजिया के नेतृत्व में लेखपाल 8 अक्टूबर से ऑनलाइन कार्यों का बहिष्कार कर रहे हैं। संघ का कहना है कि लंबे समय से मांगें लंबित हैं, लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ है। ऐसे में आंदोलन को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
ग्रेड पे बढ़ाने और भत्तों की मांग
लेखपाल संघ की प्रमुख मांगों में ग्रेड पे 2000 रुपये से बढ़ाकर 2800 रुपये करना, जो कि मानक अनुरूप कम है अंतर्जनपदीय स्थानांतरण की व्यवस्था समाप्त करना और वेतन विसंगतियों को दूर करना शामिल है।
लेखपालों का कहना है कि राजस्व संबंधी कार्यों, जमीन की पैमाइश और स्थलीय जांच के लिए लगातार क्षेत्र में जाना पड़ता है। ऐसे में आवागमन और स्टेशनरी पर होने वाले खर्च को देखते हुए भत्तों में बढ़ोतरी जरूरी है।
साइकिल से आवागमन पर भी सवाल
जिला मीडिया प्रभारी जयकरण सिंह ने कहा कि लेखपालों को तहसील से कार्यक्षेत्र तक पहुंचकर विभिन्न राजस्व संबंधी जिम्मेदारियां निभानी पड़ती हैं। साइकिल से आने-जाने में समय लगता है, इसलिए उनकी कार्य परिस्थितियों और व्यावहारिक समस्याओं को ध्यान में रखा जाना चाहिए। प्रदर्शन के दौरान अरविंद कनौजिया, जयकरण सिंह, नीरज वर्मा, राघवेंद्र सिंह, सौरभ प्रताप सिंह, स्वस्तिका गुप्ता, जलील अहमद और अविनाश यादव अनुज शर्मा मीनाक्षी,सहित अन्य लेखपाल मौजूद रहे।
शासन के आदेश पर होगी कार्रवाई
राजस्व निरीक्षक राम अवतार मिश्रा ने बताया कि लेखपाल अपनी मांगें उपजिलाधिकारी के समक्ष रख चुके हैं और शासन-प्रशासन को भी अवगत कराया गया है। शासन से प्राप्त आदेश के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल ऑनलाइन कार्यों का बहिष्कार जारी है। 17 अक्टूबर से संपूर्ण कार्य बहिष्कार की चेतावनी के बीच अब शासन के निर्णय पर आंदोलन की अगली दिशा निर्भर करेगी।.
रिपोर्टर - महेश द्विवेदी

No Previous Comments found.