हत्या के प्रयास का झूठा मुकदमा लिखाने वाला अभियुक्त साथी सहित अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार

शाहजहांपुर : थाना मदनापुर क्षेत्र में पड़ोसियों पर गोली मारने का आरोप लगाने वाले युवक की कहानी पुलिस जांच में झूठी निकली। पड़ोसियों को झूठे मुकदमे में फंसाने के लिए युवक ने खुद ही तमंचे से अपने पैर में गोली मार ली थी।

पुलिस के अनुसार वादी रविंद्र सिंह और उसके पड़ोसियों के बीच पहले से मुकदमेबाजी चल रही थी। इसी रंजिश के चलते उसने खुद को गोली मारकर पड़ोसियों पर झूठा आरोप लगा दिया। घटना के बाद उसने रास्ते में लेट कर डायल 112 को सूचना दी कि पड़ोसियों ने उसे गोली मार दी है।
घटना संदिग्ध लगने पर प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह ने पुलिस टीम के साथ गहनता से जांच शुरू की। सीओ सदर शुभम वर्मा भी फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
जांच में पता चला कि घटना से पहले रविंद्र अपनी ससुराल गया था। इसके बाद पुलिस टीम गांव ढुकुरी खुर्द पहुंची और ससुराल पक्ष से पूछताछ की। वादी की पत्नी के दादा ने बताया कि दिनांक 01/11/26 की सुबह उनकी नातिन रोली के पति रविंद्र सिंह उर्फ टिल्लू की अपनी पत्नी से कहासुनी हो गई थी। वह शराब के नशे में था, घर के बाहर आया और तमंचा निकालकर अपने दाहिने पैर में गोली मार ली और सामने पड़े तख्त पर लेट गया।
अभियुक्त से पूछताछ में उसने बताया कि दिनांक 31-10-26 की रात वह घर पर सोया था। उसकी पत्नी किसी से फोन पर बात कर रही थी, तो उसने पत्नी को दो थप्पड़ मार दिए और सो गया। उसकी पत्नी ने सुबह अपनी मां को फोन कर दिया। मां आई और समझा कर चली गई। फिर वह अपनी पत्नी व दोनों बच्चों को लेकर अपनी ससुराल ढुकुरी खुर्द चला गया। रास्ते में कुदैया टोल प्लाजा से उसने शराब के दो पौआ खरीदे, एक वहीं पी लिया और दूसरा पास रख लिया। ससुराल पहुंचकर उसने अपनी सास से कहा कि अपनी लड़की को अपने पास रखो, यह रोज लड़ाई झगड़ा करती है। वहां उसने दूसरा पौआ भी पी लिया और अपने पास रखे तमंचे में कारतूस डालकर अपने सीधे पैर में गोली मार ली।
उसकी सास ने उसके पिता उमेश सिंह को फोन किया। उसके पिता व अन्य परिजन वहां आ गए। वह राहुल के साथ गांव से बाहर खदिया के पास आया, बाइक से उतरकर तमंचा वहीं छुपा दिया और राहुल ने डायल 112 को फोन कर कहा कि किसी ने गोली मार दी है। बाद में उसने पुरानी रंजिश के चलते नीरज मौर्य और सुनील पर गोली मारने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करा दिया।
यह पूरा षड्यंत्र उसने और राहुल ने पुलिस से बचने के लिए रचा था।
मदनापुर पुलिस ने इस मामले में अभियुक्त रविंद्र सिंह पुत्र उमेश सिंह उम्र 26 वर्ष निवासी ग्राम शमशेरपुर थाना कांट और उसके साथी राहुल पुत्र सर्वेश कुमार उम्र 27 वर्ष निवासी ग्राम शमशेरपुर थाना कांट, शाहजहांपुर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अभियुक्तों के पास से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा भी बरामद किया है। दोनों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

रिपोर्टर : महेश द्विवेदी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.