गांधीसागर पंप्ड स्टोरेज परियोजना का शाजापुर के मीडिया प्रतिनिधियों ने किया भ्रमण

शाजापुर - 1,920 मेगावाट क्षमता की देश की सबसे बड़ी निर्माणाधीन पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना की तकनीकी विशेषताओं को जाना, 11,500 करोड़ रुपये की लागत से हो रहा निर्माण मध्य प्रदेश के नीमच जिले की रामपुरा तहसील के खेमला ब्लॉक में निर्माणाधीन गांधीसागर पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना का शनिवार को शाजापुर जिले के प्रिंट मीडिया प्रतिनिधियों एवं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने भ्रमण किया। इस दौरान मीडिया प्रतिनिधियों ने देश की सबसे बड़ी निर्माणाधीन स्वतंत्र पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना की तकनीकी विशेषताओं, निर्माण कार्यों और भविष्य में ऊर्जा क्षेत्र में इसकी उपयोगिता की जानकारी प्राप्त की।

ग्रीनको MP01 IREP प्राइवेट लिमिटेड द्वारा लगभग 11,500 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की जा रही इस महत्वाकांक्षी परियोजना की स्थापित क्षमता 1,920 मेगावाट है। जिला जनसंपर्क विभाग के सहयोग एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस भ्रमण कार्यक्रम में कंपनी के एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट स्वपन मोहंती ने मीडिया प्रतिनिधियों का स्वागत किया तथा प्रेजेंटेशन के माध्यम से परियोजना की विस्तृत जानकारी दी। प्रेजेंटेशन के दौरान मोहंती ने परियोजना की परिकल्पना, निर्माण की प्रगति, तकनीकी विशेषताओं और ऊर्जा भंडारण की कार्यप्रणाली से अवगत कराया। इसके बाद मीडिया प्रतिनिधियों ने लोअर रिजर्वायर, कॉफर डैम, भूमिगत पावर हाउस एवं अपर रिजर्वायर सहित विभिन्न निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया। कंपनी के अधिकारियों ने इन संरचनाओं की उपयोगिता और विद्युत उत्पादन की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया।
6 घंटे तक लगातार बिजली उपलब्ध कराने में सक्षम होगी परियोजना

अधिकारियों ने बताया कि परियोजना में अतिरिक्त सौर एवं पवन ऊर्जा का उपयोग कर पानी को ऊपरी जलाशय में संग्रहित किया जाएगा। जब बिजली की मांग बढ़ेगी, तब इसी पानी को टरबाइन के माध्यम से नीचे लाकर विद्युत उत्पादन किया जाएगा। परियोजना अधिकतम 6 घंटे तक निरंतर बिजली उपलब्ध कराने में सक्षम होगी। इससे विशेष रूप से पीक आवर्स में बिजली की बढ़ती मांग पूरी करने तथा सौर एवं पवन ऊर्जा की अनियमित उपलब्धता को संतुलित करने में मदद मिलेगी।
परियोजना में गांधीसागर जलाशय के पानी का नॉन-कंजम्प्टिव आधार पर पुनः उपयोग किया जाएगा, जिससे पानी की खपत नहीं होगी। इसके पूर्ण होने पर मध्यप्रदेश सहित देश के विद्युत ग्रिड को स्थिरता मिलेगी तथा हरित ऊर्जा के प्रभावी उपयोग को बढ़ावा मिलेगा।

दिसंबर 2026 से प्रथम टरबाइन सेट शुरू करने का लक्ष्य

कंपनी अधिकारियों के अनुसार परियोजना के प्रथम टरबाइन सेट का संचालन दिसंबर 2026 से प्रारंभ करने तथा वर्ष 2027 में पूर्ण व्यावसायिक संचालन शुरू करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। परियोजना के शुरू होने से बिजली की मांग और आपूर्ति के बीच संतुलन बनाने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।

निर्माण कार्यों से 4 हजार लोगों को मिला रोजगार

परियोजना से क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी गति मिल रही है। निर्माण कार्यों के दौरान अब तक लगभग 4,000 लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। परियोजना के पूर्ण होने के बाद स्थानीय स्तर पर रोजगार, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों के विस्तार की संभावनाएं बढ़ेंगी। इस अवसर पर कंपनी के एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट स्वपन मोहंती ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार द्वारा नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों से प्रदेश में इस तरह की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को गति मिली है। जिला प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के सहयोग से गांधीसागर में इस परियोजना का निर्माण संभव हो पा रहा है। यह परियोजना मध्यप्रदेश को स्वच्छ ऊर्जा एवं ऊर्जा भंडारण के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

मीडिया भ्रमण का उद्देश्य परियोजना की वास्तविक प्रगति, तकनीकी विशेषताओं, पर्यावरणीय लाभ और क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास में इसकी भूमिका से आमजन को अवगत कराना रहा। कार्यक्रम के अंत में कंपनी के असिस्टेंट जनरल मैनेजर कमलेश सिंह परिहार ने समस्त मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान कार्यक्रम समन्वय अधिकारी अमित सोनी, शाजापुर के जिला जनसंपर्क प्रभारी अधिकारी राम कुमार उइके, प्रिंट मीडिया प्रतिनिधि, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स तथा कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर - रमेश राजपूत

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.