मिशन शक्ति के तहत शक्ति मोबाइल टीम का शिकंजा,अश्लील फब्तियां कसने वाला गिरफ्तार
शामली - जनपद में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। मिशन शक्ति अभियान के तहत उत्तर प्रदेश पुलिस ने एक बार फिर स्पष्ट संदेश दे दिया है कि महिलाओं पर अश्लील टिप्पणी और अभद्रता करने वालों के लिए जनपद में जीरो टॉलरेंस नीति लागू है। पुलिस अधीक्षक शामली श्री एन.पी. सिंह के कड़े निर्देशों के अनुपालन में,अपर पुलिस अधीक्षक शामली के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी नगर के निकट पर्यवेक्षण में गठित “शक्ति मोबाइल” पुलिस टीम द्वारा चेकिंग व गश्त के दौरान मोहल्ला शांतिनगर गली नंबर–04 के पास आने-जाने वाली युवतियों व बालिकाओं पर अश्लील फब्तियां कसने वाले एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान उज्जवल उर्फ कबीर पुत्र राजू, निवासी मोहल्ला शांतिनगर गली नंबर–04, थाना कोतवाली शामली के रूप में हुई है। अभियुक्त के विरुद्ध महिला थाना शामली पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कड़ी वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई गई है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में साफ संदेश गया है कि महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने वालों के लिए न तो कोई चेतावनी है और न ही कोई रियायत। कानून तोड़ने वालों पर तुरंत और सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने वाली शक्ति मोबाइल टीम में म0उ0नि0 श्रीमती शिवानी चौधरी,म0है0का0 सुनीता,म0है0का0 रीशू तोमर शामिल रहीं,जिनकी सक्रियता से महिला अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो सका। पुलिस प्रशासन ने जनपद की समस्त महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की छेड़छाड़,अश्लील हरकत या अपराध को बिल्कुल भी नजरअंदाज न करें। तत्काल 1090,112 या नजदीकी थाना / महिला हेल्प डेस्क पर सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। महिला सुरक्षा सर्वोपरि — अपराधी बेनकाब, कानून सख्त, पुलिस सतर्क।
रिपोर्टर - अविनाश शर्मा
No Previous Comments found.