शामली में लटकती ABC केबल और बिजली पोल बने जानलेवा खतरा
शामली : शामली शहर में अव्यवस्थित रूप से लटकी ABC केबल और बिजली के पोल अब आम जनता की जान के लिए खतरा बनते जा रहे हैं। नगर पालिका परिषद शामली के वार्ड संख्या 23 से सभासद निशिकांत संगल ने इस गंभीर समस्या को लेकर उपजिलाधिकारी शामली को लिखित शिकायत सौंपते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
सभासद द्वारा दी गई शिकायत में बताया गया है कि धर्मपुरा वार्ड 23 में कई स्थानों पर ABC केबल इतनी नीचे लटक रही है कि वह राह चलते लोगों के सिर से टकरा रही है। इस लापरवाही के चलते किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है, लेकिन संबंधित विभाग आंख मूंदे बैठा है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि वार्ड के कुछ इलाकों में निजी मकान मालिकों ने अपने घरों के बाहर लगे बिजली के पोलों पर कब्जा कर रखा है, जिससे बार-बार फॉल्ट की स्थिति बन रही है। कई जगह तो हालात इतने खराब हैं कि बिजली के पोल को हटाकर दोबारा स्थापित करने की जरूरत बताई गई है, ताकि ABC केबल को सुरक्षित ढंग से लगाया जा सके।
इसके अतिरिक्त भूरा पट्टी/रामपुरी क्षेत्र में अवैध रूप से खींचे गए तारों और केबलों के कारण आए दिन बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।
सभासद निशिकांत संगल ने प्रशासन से मांग की है कि विद्युत विभाग और नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारियों को तत्काल निर्देश देकर अव्यवस्थित केबल और बिजली पोलों को ठीक कराया जाए, ताकि किसी अप्रिय घटना से पहले हालात पर काबू पाया जा सके।अब बड़ा सवाल यह है कि प्रशासन किसी हादसे के बाद जागेगा या पहले ही कार्रवाई करेगा?
रिपोर्टर : अविनाश शर्मा


No Previous Comments found.