कैराना में ‘स्मैक माफिया’ पर पुलिस का शिकंजा! 40 लाख की स्मैक के साथ कुख्यात तस्कर सोनू उर्फ इनाम गिरफ्तार

शामली : जनपद शामली में नशे के खिलाफ चल रहे “ऑपरेशन सवेरा” के तहत कैराना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्मैक तस्करी के काले कारोबार का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने छापेमारी कर सोनू उर्फ इनाम नामक कुख्यात तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से करीब 200 ग्राम अवैध स्मैक (अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 40 लाख रुपये कीमत) बरामद हुई है।
बताया जा रहा है कि आरोपी लंबे समय से इलाके में नशे का जाल फैलाकर युवाओं की जिंदगी बर्बाद करने में लगा हुआ था। पुलिस को गुप्त सूचना मिलने के बाद जाल बिछाया गया और देर रात कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया गया।
इस कार्रवाई को सहारनपुर परिक्षेत्र के डीआईजी के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला और सीओ कैराना के पर्यवेक्षण में अंजाम दिया गया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार तस्कर का आपराधिक इतिहास काफी पुराना है। उस पर चोरी और आर्म्स एक्ट सहित कई संगीन मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी के स्मैक सप्लाई नेटवर्क के आगे-पीछे के लिंक (Forward-Backward Links) खंगाल रही है, जिससे पूरे गिरोह का खुलासा हो सके।
नशे के खिलाफ पुलिस की सख्ती:
शामली पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि जिले में नशे का कारोबार करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। “ऑपरेशन सवेरा” के तहत लगातार तस्करों पर शिकंजा कसा जा रहा है।
पुलिस की अपील:
यदि किसी को भी अपने आसपास नशे की तस्करी या बिक्री की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि जनपद शामली को नशे के अंधकार से निकालकर उजाले की ओर ले जाया जा सके।

रिपोर्टर : अविनाश शर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.