कैराना में जानलेवा हमले का आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने दबोचा अंशुल चौहान

शामली : शामली जनपद के कैराना क्षेत्र के गांव ऊँचागांव में हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस के अनुसार 4 मार्च 2026 को ग्राम ऊँचागांव निवासी प्रियाशु पुत्र जगबीर अपने ताऊ वीरसैन और ताऊ के बेटे निखिल के साथ मौजूद था। इसी दौरान गांव के ही अवनीश, अंकुर और अंशुल ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने धारदार हथियार से जान से मारने की नीयत से हमला किया, जिसमें पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद पीड़ित प्रियाशु की तहरीर पर कैराना थाने में आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया गया।
इसी क्रम में 9 मार्च 2026 को थाना कैराना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में वांछित आरोपी अंशुल चौहान पुत्र जसबीर सिंह निवासी ग्राम ऊँचागांव थाना कैराना जनपद शामली को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि इस मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार दबिश दी जा रही है।

रिपोर्टर : अविनाश शर्मा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.