रोडवेज बस की बैटरी चोरी का खुलासा, पुलिस ने शातिर चोर को दबोचा
शामली : शामली जनपद के झिंझाना थाना क्षेत्र में रोडवेज बस की बैटरी चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई बैटरी भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार ग्राम बहैड़ा निवासी अनिल कुमार पुत्र विक्रम सिंह उत्तर प्रदेश परिवहन निगम मुजफ्फरनगर डिपो की बस संख्या UP78KT4539 के चालक हैं। वह रोजाना ड्यूटी खत्म करने के बाद बस को गांव के प्राइमरी स्कूल के पास खड़ी कर घर चले जाते थे।
बताया गया कि 1 जनवरी 2026 को भी अनिल कुमार ने बस को वहीं खड़ा किया था, लेकिन अगली सुबह जब बस स्टार्ट करने पहुंचे तो पता चला कि किसी अज्ञात चोर ने बस की बैटरी चोरी कर ली है। इस संबंध में चालक की तहरीर पर थाना झिंझाना में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह के निर्देश पर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। इसी क्रम में संदिग्ध वाहन और व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान झिंझाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा कर दिया।
पुलिस ने मुज्जमिल पुत्र जरीफ निवासी ग्राम बिडौली थाना झिंझाना जनपद शामली को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई रोडवेज बस की 01 बैटरी बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ थाना झिंझाना में मु0अ0सं0 14/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की उम्मीद जताई जा रही है।
रिपोर्टर : अविनाश शर्मा

No Previous Comments found.