20-20 हजार के इनामी 3 बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार,पूर्व पार्षद प्रतिनिधि सतीश श्रीवास की हत्या में थे शामिल

झांसी : जनपद झांसी के मऊरानीपुर थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। विगत दो दिन पहले दिनदहाड़े पूर्व पार्षद प्रतिनिधि सतीश श्रीवास की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या करने वाले 20-20 हजार रुपये के इनामी तीन बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। 

आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार थाना मऊरानीपुर में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 94/2026 धारा 103(1)/3(5) बीएनएस व 3(2) एससी/एसटी एक्ट के तहत दर्ज हत्या के मामले में आरोपी लगातार फरार चल रहे थे। 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक ग्रामीण तथा क्षेत्राधिकारी मऊरानीपुर के पर्यवेक्षण में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा था।

बताया गया है कि विगत 7 मार्च 2026 को प्रेम प्रसंग के चलते तीन आरोपियों ने सुखनई नदी के पास स्थित शिशु मंदिर स्कूल के पास दिनदहाड़े पूर्व पार्षद प्रतिनिधि सतीश श्रीवास को गोली मार दी थी।

गंभीर रूप से घायल होने के बाद उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई थी। घटना के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।

मंगलवार को पुलिस टीम रानीपुर रोड स्टेशन फाटक के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। 

इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिस पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए तीनों बदमाशों को मौके से दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक अवैध 12 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा हत्या में प्रयुक्त काले रंग की यामाहा आरएक्स-100 मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

गिरफ्तार आरोपी
महफूज पठान पुत्र स्व. राजा पठान निवासी आवास विकास काशीराम कॉलोनी कस्बा मऊरानीपुर,
महराज पठान पुत्र स्व. राजा पठान निवासी आवास विकास काशीराम कॉलोनी कस्बा मऊरानीपुर
अर्जुन उर्फ छोटू सोनकर पुत्र हरिशंकर सोनकर निवासी धुसपुरा मंदिर के पास नदी पार कटरा नईबस्ती, थाना मऊरानीपुर
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। 

इस पूरी कार्रवाई में थाना मऊरानीपुर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रिपोर्टर : संतोष श्रीवास

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.