शामली में दबंगों का आतंक! मामूली बात पर युवक को बेरहमी से पीटा

शामली : शामली जनपद में दबंगों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब छोटी-छोटी बातों पर भी लोगों को बुरी तरह पीटा जा रहा है। ताजा मामला कोतवाली शामली क्षेत्र का है, जहां एक युवक के साथ सरेआम मारपीट कर उसे जान से मारने की धमकी दी गई।
पीड़ित गुलफाम पुत्र जिंदा, निवासी गांव सिक्का, ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह शामली में ट्रांसपोर्ट का कार्य करता है। दिनांक 30 मार्च 2026 को करीब 1:30 बजे वह अस्पताल रोड पर माल उतार रहा था। इसी दौरान त्यागी मेडिकल एजेंसी के पास खड़ी एक मोटरसाइकिल को लेकर कहासुनी हो गई।
आरोप है कि इसी मामूली विवाद पर मेडिकल स्टोर मालिक विजय, अजय, विशु व अन्य युवकों ने मिलकर गुलफाम पर लात-घूंसों और हेलमेट से हमला कर दिया और उसकी बुरी तरह पिटाई की।
पीड़ित ने बताया कि जब उसने अपने ट्रांसपोर्ट मालिक को सूचना दी और वह मौके पर पहुंचे, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। इस दौरान अमित गोयल को गंभीर चोटें आईं।
इतना ही नहीं, जाते-जाते आरोपियों ने पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
 पीड़ित ने कोतवाली शामली में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
 अब बड़ा सवाल यह है कि क्या पुलिस इन दबंगों पर कार्रवाई करेगी या मामला यूं ही दबा दिया जाएगा?

रिपोर्टर : अविनाश शर्मा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.