No Helmet, No Fuel” पर सख्ती — शामली में 284 चालान, 242 बिना हेलमेट पकड़े गए
शामली : “Life First” की भावना को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जनपद शामली में सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। “No Helmet, No Fuel” अभियान के तहत जीरो टॉलरेंस नीति लागू करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत कड़ी कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक शामली श्री एन.पी. सिंह के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक श्री सुमित शुक्ला के मार्गदर्शन में चलाए गए इस विशेष अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, आमजन के जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करना और यातायात व्यवस्था को अनुशासित बनाना है।
इसी क्रम में यातायात निरीक्षक श्रीमती निधि चौधरी व उनकी टीम द्वारा शहर के प्रमुख स्थानों—शिव चौक, विजय चौक, फव्वारा चौक, अंजता चौक, बनत चौराहा, रोडवेज बस अड्डा, कैराना बस अड्डा, धीमानपुरा फाटक, झिंझाना रोड पुल व कैराना रोड पुल सहित अन्य व्यस्त चौराहों पर सघन चेकिंग व जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान दोपहिया चालकों, पेट्रोल पंप संचालकों एवं आम नागरिकों को स्पष्ट संदेश दिया गया कि बिना हेलमेट ईंधन नहीं मिलेगा। पुलिस ने यह भी दोहराया कि हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का सबसे अहम कवच है।
अभियान के मुख्य बिंदु—
हेलमेट और सीट बेल्ट आपकी सुरक्षा की पहली शर्त हैं
नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना दंडनीय अपराध है
नशे में वाहन चलाना जानलेवा साबित हो सकता है
ड्राइविंग के दौरान मोबाइल का उपयोग दुर्घटनाओं का बड़ा कारण
ओवरस्पीडिंग सीधे तौर पर मौत को दावत देना है
अभियान के दौरान सख्त कार्रवाई करते हुए कुल 284 वाहनों के चालान किए गए, जिनमें 242 बिना हेलमेट वाहन चलाते पाए गए।
पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि वे सड़क सुरक्षा को अपनी जिम्मेदारी समझें, नियमों का पालन करें और अपने साथ-साथ दूसरों के जीवन की भी रक्षा करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नियमों की अनदेखी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी इसी प्रकार सख्त अभियान जारी रहेगा।
रिपोर्टर : अविनाश शर्मा


No Previous Comments found.