छोटे-बड़े नालों की मिनी एक्सकेवेटर से होगी सफाई: अरविंद संगल

शामली - नगर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए नगर पालिका परिषद शामली ने महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। पालिकाध्यक्ष अरविंद संगल ने बताया कि शहर के छोटे-बड़े नालों की सफाई अब मिनी एक्सकेवेटर मशीन के माध्यम से कराई जाएगी, जिससे सफाई कार्य अधिक तेज़ और प्रभावी हो सकेगा। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना केवल नगर पालिका ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। गंदगी से अनेक बीमारियां जन्म लेती हैं, इसलिए नालों में कूड़ा-कचरा डालने से बचना जरूरी है। नालों के अवरुद्ध होने से जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। वर्षा ऋतु के आगमन को देखते हुए नगर पालिका ने पहले ही तैयारियां शुरू कर दी हैं। छोटे नालों की सफाई के लिए मिनी एक्सकेवेटर मशीन का ट्रायल कार्य शुरू कर दिया गया है। यह मशीन अपनी कॉम्पैक्ट डिजाइन और आधुनिक तकनीक के कारण संकरे स्थानों पर भी आसानी से कार्य कर सकती है।
पालिकाध्यक्ष ने बताया कि यह मशीन एक घंटे में लगभग 10 मजदूरों के पूरे दिन के कार्य के बराबर सफाई करने में सक्षम है। वर्तमान में मशीन का ट्रायल चल रहा है, और जल्द ही नगर पालिका द्वारा दो मशीनें खरीदने की योजना है।
मशीन के माध्यम से देवा पुल से लेकर कलंदर मोहल्ला, नंदू प्रसाद क्षेत्र, विजय चौक से गगन गार्डन तक नालों की सफाई कराई जाएगी। इस दौरान पालिकाध्यक्ष ने स्वयं मौके पर पहुंचकर कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार सोलंकी, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक अनिल सिंह, अवर अभियंता जलकल हर्षित गर्ग सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। 

रिपोर्टर - अविनाश शर्मा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.