रेलवे ट्रैक पर मिले युवक की मौत का खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार

शामली :  शामली के थाना कांधला क्षेत्र में रेलवे लाइन पर घायल अवस्था में मिले युवक की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, 21 अप्रैल 2026 को ग्राम पंजोखरा के पास रेलवे ट्रैक पर मोनू कुमार (निवासी ग्राम जसाला) गंभीर हालत में पड़े मिले थे। उनका एक पैर कटा हुआ था और वह बेहोशी की स्थिति में थे। मौके पर पहुंची थाना कांधला पुलिस और जीआरपी ने तत्काल उन्हें सीएचसी कांधला में भर्ती कराया, जहां से हालत गंभीर होने पर मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। उपचार के दौरान 22 अप्रैल को उनकी मौत हो गई।
मृतक के परिजनों ने 23 अप्रैल को गांव के ही शुभम और सचिन पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी, जिसके आधार पर थाना कांधला में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कांधला पुलिस ने 26 अप्रैल को कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी हेमन्त कुमार की निगरानी में की गई।
गिरफ्तार आरोपी:
शुभम पुत्र रमेश, निवासी ग्राम जसाला
सचिन पुत्र ब्रह्मसिंह, निवासी ग्राम जसाला
पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्टर : अविनाश शर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.