टीएमसी सांसद के खिलाफ व्यापारियों का विरोध, कोतवाली में दी तहरीर

शामली - शहर में बुधवार को उस समय हलचल बढ़ गई जब स्थानीय व्यापारियों ने एकजुट होकर कोतवाली पहुंचकर महुआ मोइत्रा के खिलाफ तहरीर दी। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि सांसद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अजय पाल शर्मा की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया है। शहर के मोहल्ला ब्रह्मण शिव मंदिर निवासी दीपक बंसल के नेतृत्व में पहुंचे व्यापारियों ने कोतवाली परिसर में प्रदर्शन करते हुए प्रभारी निरीक्षक सचिन शर्मा को लिखित शिकायत सौंपी। तहरीर में आरोप लगाया गया कि सांसद द्वारा एक कथित अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया गया, जिसे आईपीएस अधिकारी अजय पाल शर्मा से जोड़कर प्रस्तुत किया गया,जबकि वह वीडियो उनसे संबंधित नहीं है।

व्यापारियों का कहना है कि उक्त वीडियो की पहले ही जांच हो चुकी है और उसमें शामिल व्यक्ति गुरुग्राम का निवासी बताया गया है, जिसने स्वयं इस संबंध में स्वीकारोक्ति भी की है। इसके बावजूद सांसद द्वारा वीडियो को आईपीएस अधिकारी से जोड़ना उनकी छवि धूमिल करने का जानबूझकर प्रयास बताया जा रहा है। प्रदर्शन कर रहे व्यापारियों ने कहा कि अजय पाल शर्मा पूर्व में शामली में तैनात रह चुके हैं और अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने अपराध पर प्रभावी नियंत्रण कर व्यापारियों को भयमुक्त वातावरण प्रदान किया था। उनका कहना है कि इस तरह की गतिविधियों से न केवल एक ईमानदार अधिकारी की छवि खराब होती है, बल्कि प्रदेश सरकार की छवि को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सांसद के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापारी वर्ग बड़े स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्टर - अविनाश शर्मा  

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.