सब्जी दुकानों पर चोरी: नगदी और सामान समेट ले गए चोर, CCTV खंगाल रही पुलिस
शामली - शहर के व्यस्त सुभाष चौक स्थित शिव मूर्ति क्षेत्र में देर रात चोरों ने सब्जी की दुकानों को निशाना बनाते हुए हजारों रुपये की नगदी और सामान चोरी कर लिया। घटना सदर कोतवाली क्षेत्र की है, जहां ताले तोड़कर दो दुकानों में वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने सूचना मिलते ही जांच शुरू कर दी है। पीड़ित दुकानदारों के अनुसार, देर रात अज्ञात चोर दुकानों के ताले तोड़कर अंदर घुसे और गल्ले में रखी नगदी के साथ-साथ सब्जियां व अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए। सुबह दुकान खोलने पहुंचे व्यापारियों को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। दुकानदार जतिन और दिलीप ने बताया कि उनकी दुकानों पर पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि लगातार हो रही वारदातों से व्यापारियों में भय का माहौल है। चोर छोड़ गए अहम सुराग
एक अन्य दुकानदार के मुताबिक, चोर जल्दबाजी में अपना मोबाइल फोन दुकान में ही छोड़ गए। यह मोबाइल पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हो सकता है, जिससे आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिलेगी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान कर जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। व्यस्त इलाके में वारदात से बढ़ी चिंता यह घटना शहर के सबसे व्यस्त और आवाजाही वाले चौराहे पर हुई है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय व्यापारियों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
रिपोर्टर - अविनाश शर्मा


No Previous Comments found.