प्रेम प्रसंग आया सामने परिजनों ने युवती व उसके परिवार पर कार्रवाई की उठाई मांग

शामली - जनपद के कांधला थाना क्षेत्र के चर्चित आशु हत्याकांड में अब नया मोड़ सामने आया है। पुलिस रिमांड के दौरान मुख्य आरोपी से हुई पूछताछ के बाद मृतक के परिजनों ने एक युवती और उसके परिवार के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है। यह मामला गांव जसाला से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि खंरौली निवासी आशु की कुछ दिन पहले शामली से लौटते समय दो युवकों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। बुधवार को पुलिस मुख्य आरोपी मोहित उर्फ शंकर को रिमांड पर लेकर आई। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग वजह था। उसने बताया कि उसका और मृतक आशु दोनों का एक ही युवती से संबंध था,और उसी युवती के कहने पर इस वारदात को अंजाम दिया गया। इस खुलासे के बाद मृतक के परिजन आक्रोशित हो उठे और कांधला थाने पहुंचकर थाना प्रभारी से मुलाकात की। परिजनों ने मांग की कि संबंधित युवती और उसके परिवार को भी जांच के दायरे में लाया जाए, उनसे पूछताछ कर कानूनी कार्रवाई की जाए। थाना प्रभारी ने परिजनों को आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चाएं तेज हैं। थाने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी पहुंचे और सभी ने मिलकर मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। 

रिपोर्टर - अविनाश शर्मा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.