साइबर जागरूकता अभियान में शामली पुलिस ने लोगों को किया सतर्क

शामली - जनपद में साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए शामली पुलिस द्वारा “Think Before You Click” अभियान के तहत विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य आमजन, विशेषकर युवाओं व विद्यार्थियों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है। पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला के मार्गदर्शन में थाना आदर्शमंडी पुलिस टीम ने वी.वी. डिग्री कॉलेज के पास आयोजित कार्यक्रम में लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के बारे में जानकारी दी। इस दौरान ऑनलाइन ठगी, फिशिंग, सोशल मीडिया फ्रॉड, फर्जी कॉल व लिंक के माध्यम से होने वाले अपराधों से बचने के उपाय बताए गए। लोगों को व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने, ओटीपी व बैंकिंग विवरण गोपनीय रखने तथा मजबूत पासवर्ड के उपयोग के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस ने साइबर अपराध होने की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नागरिक सतर्क रहें, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाएं और दूसरों को भी जागरूक करें। उन्होंने बताया कि साइबर जागरूकता अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। 

रिपोर्टर - अविनाश शर्मा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.