शामली पुलिस का “ऑपरेशन सवेरा” जारी - 33 लाख की स्मैक के साथ शातिर तस्कर गिरफ्तार
शामली : जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन सवेरा” के तहत थाना कैराना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने एक शातिर मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से 143 ग्राम अवैध स्मैक (अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 33 लाख रुपये) तथा एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के अंतर्गत, पुलिस अधीक्षक शामली श्री एन.पी. सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक श्री सुमित शुक्ला के नेतृत्व एवं क्षेत्राधिकारी कैराना श्री हेमंत कुमार के पर्यवेक्षण में दिनांक 12 मई 2026 की रात्रि में यह कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान शादाब पुत्र तोशी उर्फ तसव्वर निवासी ग्राम जंधेड़ी थाना कैराना जनपद शामली के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से 143 ग्राम स्मैक के अलावा बिना नंबर प्लेट की चोरी की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की है, जिसे अभियुक्त द्वारा जनपद पानीपत से चोरी किया जाना बताया गया है।
इस संबंध में थाना कैराना पर मुकदमा संख्या 333/2026 धारा 8/21 एनडीपीएस अधिनियम एवं 317(5) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस अब आरोपी के मादक पदार्थों के अवैध नेटवर्क के फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंक की जांच में जुटी है।
पुलिस की अपील:
शामली पुलिस ने जनपदवासियों से अपील की है कि नशे के खिलाफ इस मुहिम में सहयोग करें और “नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” बढ़ते हुए समाज को नशामुक्त बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
रिपोर्टर : अविनाश शर्मा

No Previous Comments found.