”ऑपरेशन सवेरा” के तहत शामली पुलिस की बड़ी कार्रवाई — 33 लाख की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार
शामली : जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन सवेरा” के तहत थाना कैराना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने एक शातिर मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से 164 ग्राम अवैध स्मैक (अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 33 लाख रुपये) तथा चोरी की स्कूटी बरामद की है।
पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के अंतर्गत, पुलिस अधीक्षक शामली श्री एन.पी. सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक श्री सुमित शुक्ला के नेतृत्व एवं क्षेत्राधिकारी कैराना श्री हेमंत कुमार के पर्यवेक्षण में दिनांक 13 मई 2026 को यह कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अहसान उर्फ बाबा पुत्र अख्तर निवासी ग्राम भूरा थाना कैराना जनपद शामली के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 164 ग्राम स्मैक के अलावा रजिस्ट्रेशन नंबर HR06AP7222 वाली चोरी की होंडा एक्टिवा स्कूटी भी बरामद की है। पूछताछ में अभियुक्त ने स्कूटी को जनपद पानीपत से चोरी करना स्वीकार किया है।
इस संबंध में थाना कैराना पर मुकदमा संख्या 335/2026 धारा 8/21 एनडीपीएस अधिनियम एवं 317(5) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी के मादक पदार्थों के अवैध नेटवर्क के फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंक की गहन जांच की जा रही है।
पुलिस की अपील:
शामली पुलिस ने जनपदवासियों से अपील की है कि नशे के खिलाफ इस अभियान में सक्रिय सहयोग दें और “नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” बढ़ते हुए समाज को नशामुक्त बनाने में भागीदारी निभाएं।
रिपोर्टर : अविनाश शर्मा


No Previous Comments found.