पुलिस की बड़ी कार्रवाई - दो बच्चियों की मौत व महिला को जलाने के मामले में वांछित सास गिरफ्तार

शामली - थाना कैराना क्षेत्र के मौहल्ला आलदरम्यान में आग लगने से हुई दर्दनाक घटना में पुलिस ने अहम कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्ता को गिरफ्तार कर लिया है। प्रकरण के अनुसार, दिनांक 07.05.2026 को पारिवारिक विवाद के चलते ज्वलनशील पदार्थ से आग लगा दी गई, जिससे कमरे में मौजूद महिला गंभीर रूप से झुलस गई तथा उसकी दो मासूम बच्चियों की दम घुटने से मृत्यु हो गई। घटना के बाद दोनों बच्चियों के शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया, जबकि घायल महिला को पहले मेरठ हायर सेंटर और बाद में बेहतर उपचार हेतु दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। इस संबंध में पीड़िता के भाई राहुल पुत्र राजबीर निवासी ग्राम कण्डेरा, थाना रमाला जनपद बागपत की तहरीर के आधार पर थाना कैराना में पीड़िता की सास के खिलाफ हत्या, जानलेवा हमला और दहेज उत्पीड़न जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक शामली श्री एन.पी. सिंह के निर्देशानुसार चलाए जा रहे महिला अपराध नियंत्रण अभियान के तहत, अपर पुलिस अधीक्षक श्री सुमित शुक्ला व क्षेत्राधिकारी कैराना श्री हेमन्त कुमार के पर्यवेक्षण में थाना कैराना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वांछित ईश्वरी पत्नी धर्मदास  मौहल्ला आलदरम्यान, थाना कैराना, जनपद शामली  को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा गिरफ्तारी के उपरांत आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। 

रिपोर्टर - अविनाश शर्मा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.