संदिग्ध हालात में मिला युवक, अस्पताल में मौत — ट्रैक्टर-ट्रॉली सवार फरार, CCTV खंगाल रही पुलिस

शामली : जनपद के आदर्श मंडी थाना क्षेत्र में एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में गंभीर हालत में मिला, जिसे अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, दीमानपुरा फाटक के पास गुरुद्वारे के नजदीक सम्राट रिंग डाई फैक्ट्री के बाहर एक युवक को दो अज्ञात व्यक्ति ट्रैक्टर-ट्रॉली से उतारकर मौके पर छोड़कर फरार हो गए। फैक्ट्री के चौकीदार सुमित ने युवक को छांव में बैठाया और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान भैंसवाल निवासी 38 वर्षीय सनी पवार पुत्र बृजपाल के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, घटना से करीब एक घंटे पहले ही सनी की अपने पिता से फोन पर बात हुई थी और वह उस समय घर पर ही था।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। ट्रैक्टर-ट्रॉली से युवक को छोड़कर भागने वाले दोनों संदिग्धों की तलाश की जा रही है।
फिलहाल, युवक की मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है, जिसमें हत्या, दुर्घटना या अन्य किसी आपराधिक घटना की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है।

रिपोर्टर : अविनाश शर्मा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.