ओवरलोड ट्रकों का विरोध करने पर चालक से मारपीट

शामली - जनपद के कुर्बान खनन क्षेत्र में ओवरलोड ट्रकों के संचालन का विरोध करना एक ट्रक चालक को भारी पड़ गया। विरोध करने पर चालक के साथ मारपीट की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। पीड़ित चालक ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार कुर्बान खनन क्षेत्र से लगातार निर्धारित क्षमता से अधिक भार लेकर ट्रकों का संचालन किया जा रहा है। ये ओवरलोड वाहन जहां सड़कों को क्षतिग्रस्त कर रहे हैं,वहीं दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ा रहे हैं। इसी क्रम में एक ट्रक चालक ने ओवरलोड वाहन चलाने से इनकार कर दिया और इसका विरोध किया। बताया जा रहा है कि चालक के विरोध से नाराज कुछ लोगों ने उसके साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की। मौके पर कुछ देर तक हंगामा भी हुआ। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराया। इसी दौरान किसी ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में खनन क्षेत्र में चल रहे ओवरलोड वाहनों को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन संबंधित विभाग इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहा है। इस मामले में खनन अधिकारी सुधाकर सिंह का कहना है कि समय-समय पर अभियान चलाकर कार्रवाई की जाती है। वहीं, कोतवाली प्रभारी समय पाल अत्री ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्टर - अविनाश शर्मा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.