State Bank of India (SBI) की मुख्य शाखा में एक दवा व्यापारी के साथ कथित हेराफेरी
शामली - State Bank of India (SBI) की मुख्य शाखा में एक दवा व्यापारी के साथ कथित हेराफेरी का मामला सामने आया है। 80 हजार रुपये की खरीज में 3 हजार रुपये कम मिलने और शिकायत के बावजूद CCTV फुटेज न दिखाने के आरोप ने बैंकिंग व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। भारत मेडिकल के संचालक देवराज सिंह मलिक के अनुसार, 8 मई को दोपहर करीब 12 बजे वे हनुमान रोड स्थित SBI मुख्य शाखा से 80 हजार रुपये की खरीज लेने पहुंचे थे। आरोप है कि कैश अधिकारी द्वारा दिया गया एक थैला पहले से खुला हुआ था। व्यापारी ने बैंक पर भरोसा करते हुए रकम ले ली, लेकिन घर पहुंचकर गिनती करने पर 3 हजार रुपये कम निकले।
शिकायत पर टकराव - पीड़ित का कहना है कि बैंक पहुंचकर शिकायत करने पर कर्मचारियों ने आरोपों से इनकार कर दिया और CCTV फुटेज दिखाने से भी मना कर दिया। इससे व्यापारी और अन्य ग्राहकों में रोष फैल गया। पुलिस में दी तहरीर व्यापारी ने शामली कोतवाली में तहरीर देकर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही बैंक के उच्च अधिकारियों को भी शिकायत भेजी गई है। इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और आम लोगों में चर्चा है कि यदि बैंक में ही इस तरह की लापरवाही या हेराफेरी हो रही है,तो ग्राहकों का पैसा कितना सुरक्षित है। कड़ी कार्रवाई की मांग
व्यापारियों ने प्रशासन और बैंक प्रबंधन से मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
रिपोर्टर - अविनाश शर्मा

No Previous Comments found.