बिजली चोरी की जांच करने पहुँची टीम पर हमला, ग्रामीणों ने घेरकर पीटा
शामली : जनपद के कैराना कोतवाली क्षेत्र के गांव बराला में बिजली चोरी की जांच करने पहुँची विद्युत विभाग की टीम पर ग्रामीणों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि ग्रामीणों ने टीम को घेरकर मारपीट की, एसडीओ की गाड़ी के शीशे तोड़ दिए और सरकारी दस्तावेज भी फाड़ डाले। घटना के बाद विभागीय कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
बताया गया कि विद्युत विभाग को गांव में लंबे समय से बिजली चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। इसी सूचना पर देर रात एसडीओ अमित कुमार, जेई नीतीश, जेई प्रदीप तथा लाइनमैन सागर, आजम और सतेंद्र की टीम चेकिंग अभियान के तहत गांव बराला पहुँची थी। टीम गांव में बिजली चोरी की जांच कर रही थी, तभी कुछ ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया।
देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और ग्रामीणों ने विभागीय टीम को चारों तरफ से घेर लिया। आरोप है कि इस दौरान कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई और सरकारी वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें विभागीय कर्मचारी वाहन के अंदर डरे-सहमे बैठे दिखाई दे रहे हैं, जबकि बाहर बड़ी संख्या में लोग वाहन को घेरे खड़े हैं।
बताया जा रहा है कि किसी तरह टीम ने मौके से निकलकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद विद्युत विभाग की ओर से पुलिस को सूचना दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
रिपोर्टर : अविनाश शर्मा

No Previous Comments found.