ऑनलाइन दवा बिक्री के खिलाफ शामली में कैमिस्टों का प्रदर्शन, मेडिकल स्टोर बंद कर जताया विरोध
शामली : शामली में ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में बुधवार को कैमिस्ट एसोसिएशन ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिलेभर के मेडिकल स्टोर संचालक कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रधानमंत्री Narendra Modi के नाम चार सूत्रीय मांगों का ज्ञापन जिलाधिकारी आलोक यादव को सौंपा। विरोध के दौरान कई घंटों तक मेडिकल स्टोर बंद रहे, जिससे मरीजों और ग्राहकों को दवाइयां लेने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
कैमिस्ट एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष देवराज सिंह मलिक के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में दवा व्यापारियों ने ऑनलाइन फार्मेसी कंपनियों पर बिना पर्याप्त निगरानी और सत्यापन के दवाएं बेचने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि बिना वैध ई-प्रिस्क्रिप्शन दवाओं की होम डिलीवरी आम लोगों के स्वास्थ्य के लिए खतरा बन रही है।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म भारी छूट और प्रिडेटरी प्राइसिंग के जरिए छोटे दवा व्यापारियों के कारोबार को प्रभावित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट 1940 और नियम 1945 में ऑनलाइन दवा बिक्री का स्पष्ट प्रावधान नहीं है, इसके बावजूद कई कंपनियां खुलेआम कारोबार कर रही हैं।
कैमिस्ट एसोसिएशन ने मांग की कि बिना वैध चिकित्सकीय परामर्श और सत्यापित ई-प्रिस्क्रिप्शन के दवा बिक्री पर रोक लगाई जाए, ऑनलाइन दवा बिक्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो तथा जीएसआर 817(ई) और जीएसआर 220(ई) को तत्काल वापस लिया जाए।
दवा व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और बड़ा रूप दिया जाएगा।
रिपोर्टर : अविनाश शर्मा


No Previous Comments found.