थानाभवन क्षेत्र के सोंटा रसूलपुर गांव में युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

शामली - थानाभवन क्षेत्र के गांव सोंटा रसूलपुर में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवती का शव घर में मिलने के बाद परिजनों ने आत्महत्या की आशंका से इनकार करते हुए गांव के ही दो युवकों पर हत्या का आरोप लगाया है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। मृतका की मां नजमा ने बताया कि वह परिवार के अन्य सदस्यों के साथ खेत में धान लगाने गई हुई थीं। घर लौटने पर उनकी पुत्री रेशमा का शव घर के अंदर मिला। परिजनों का आरोप है कि गांव के दो लोगों ने रेशमा की हत्या कर उसके गले में चुन्नी डालकर मामले को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया। घटना की सूचना मिलते ही थानाभवन पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने पूछताछ के लिए एक युवक को हिरासत में लिया है। युवती की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना भवन थाना प्रभारी निरीक्षक विजेंद्र सिंह रावत ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्टर - अविनाश शर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.