देर रात एसडीएम की छापेमारी, दो जेसीबी व मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त

शामली - जनपद में अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ प्रशासन ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए दो जेसीबी मशीनों और मिट्टी से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया। सदर एसडीएम ने पुलिस बल और प्रशासनिक टीम के साथ छापेमारी कर यह कार्रवाई की। कार्रवाई के बाद खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि अवैध मिट्टी खनन को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। देर रात हुई छापेमारी के दौरान कई खनन कारोबारी मशीनें और वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। प्रशासनिक टीम ने दो जेसीबी मशीनों और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर संबंधित थाने भिजवा दिया।जानकारी के अनुसार एसडीएम ने गांव जलालाबाद और उसके जंगल क्षेत्र में छापेमारी कर एक जेसीबी मशीन जब्त की। स्थानीय स्तर पर यह मशीन एक चर्चित खनन कारोबारी से जुड़ी बताई जा रही है। इसके अलावा गांव खुदाना के जंगलों में भी कार्रवाई करते हुए एक अन्य जेसीबी मशीन और मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लिया गया। बताया जा रहा है कि ये वाहन स्थानीय खनन कारोबारियों से जुड़े हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि गांव खुदाना के जंगलों में लंबे समय से रात के अंधेरे में अवैध मिट्टी खनन किया जा रहा था। आरोप है कि विभिन्न नियमों और पर्यावरणीय मानकों को दरकिनार कर बड़े पैमाने पर खनन किया जा रहा था, जिससे राजस्व को भी नुकसान पहुंच रहा था। कार्रवाई के बाद प्रशासनिक तंत्र पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि छापेमारी की सूचना पहले ही लीक हो गई थी, जिसके चलते कई खनन कारोबारी मौके से फरार होने में सफल रहे। लोगों का कहना है कि जिले के कई अन्य क्षेत्रों में भी अवैध खनन जारी है, लेकिन कार्रवाई फिलहाल सीमित स्थानों तक ही सिमटी हुई है। प्रशासन का कहना है कि मामले में आगे की जांच और कार्रवाई जारी है तथा अवैध खनन में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। छापेमारी के बाद अवैध खनन से जुड़े लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। 

रिपोर्टर - अविनाश शर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.