रिश्ता तुड़वाकर की कोर्ट मैरिज, अब दहेज उत्पीड़न का आरोप

शामली - जनपद के थानाभवन क्षेत्र के गांव जगदीशपुर निवासी एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और घर से निकालने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले की शिकायत गढ़ीपुख्ता थाने में देकर कार्रवाई की मांग की है। गांव जगदीशपुर निवासी रीना ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि करीब डेढ़ वर्ष पहले गढ़ीपुख्ता क्षेत्र के गांव खेड़ी निवासी सोनू ने उसका पहले से तय रिश्ता तुड़वा दिया था। आरोप है कि इसके बाद वह उसे अपने गांव ले गया और बाद में दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली। पीड़िता के अनुसार गांव में आयोजित एक पंचायत के दौरान दोनों ने एक-दूसरे को माला पहनाकर अपने संबंध को सार्वजनिक रूप से स्वीकार भी किया था। रीना का आरोप है कि विवाह के बाद से ही पति सोनू और उसके परिजन दहेज की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर उसके साथ लगातार मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया जाता रहा। पीड़िता का कहना है कि गुरुवार को भी पति और ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट की तथा उसे घर से बाहर निकाल दिया। पीड़िता ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं गढ़ीपुख्ता पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्टर - अविनाश शर्मा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.