स्कूल वैन को कार ने मारी टक्कर, तीन बच्चे व अध्यापिका घायल
शामली : जनपद में शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जब बच्चों को लेकर स्कूल जा रही एक वैन को तेज गति से आ रही कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वैन पलट गई, जिससे तीन स्कूली बच्चे और एक महिला अध्यापिका घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।
जानकारी के अनुसार एक निजी स्कूल की वैन गांव मुंडेट से बच्चों और महिला अध्यापिका को लेकर स्कूल जा रही थी। जैसे ही वैन थाना आदर्श मंडी क्षेत्र के बधैव पुल के निकट पहुंची, सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। वहीं कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया तथा वैन में फंसे बच्चों और अध्यापिका को बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को जिला संयुक्त चिकित्सालय भिजवाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में तीन बच्चे और एक महिला अध्यापिका घायल हुए हैं। चिकित्सकों की निगरानी में सभी का इलाज जारी है। पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।
रिपोर्टर : अविनाश शर्मा

No Previous Comments found.