कचोरी नाथ मंदिर का सौंदर्यीकरण कार्य ठप, संत समाज ने जताई नाराजगी
शामली : कस्बे के प्राचीन एवं आस्था के प्रमुख केंद्र कतोरी नाथ मंदिर के सौंदर्यीकरण और जीर्णोद्धार कार्य में हो रही देरी को लेकर संत समाज और स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है। इस संबंध में प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर तत्काल वर्क ऑर्डर जारी कर निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की गई है।
ज्ञापन में बताया गया कि मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं निर्माण कार्य को स्वीकृति मिलने के बाद ठेकेदार द्वारा कुछ कार्य कराया गया था, लेकिन बाद में काम रोक दिया गया। ठेकेदार का कहना है कि उसे अभी तक वर्क ऑर्डर अथवा वर्क परमिट प्राप्त नहीं हुआ है, जिसके कारण वह आगे कार्य करने में असमर्थ है।
संत समाज का आरोप है कि संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से कई बार अनुरोध किए जाने के बावजूद अब तक आवश्यक हस्ताक्षर नहीं किए गए हैं, जिससे मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य में लगातार विलंब हो रहा है। ज्ञापन में कहा गया है कि कतोरी नाथ मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है और निर्माण कार्य में देरी श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत कर रही है।
ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से मांग की गई है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अध्यक्ष को निर्देशित कर तत्काल वर्क ऑर्डर जारी कराया जाए, ताकि मंदिर का निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य शीघ्र पूरा हो सके।
संत समाज ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया तो उन्हें आंदोलन करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की होगी। ज्ञापन पर योगी सतीश नाथ महाराज सहित कई लोगों के हस्ताक्षर हैं।
रिपोर्टर : अविनाश शर्मा

No Previous Comments found.