शामली में देर रात दर्दनाक हादसा: बलवा चौराहे पर अधेड़ को कुचलने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

शामली : शहर के बलवा चौराहे पर गुरुवार देर रात हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। सड़क पार कर रहे एक अधेड़ व्यक्ति को तेज रफ्तार वाहन ने इतनी जोरदार टक्कर मारी कि उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया, जबकि सड़क पर खून से लथपथ शव देखकर राहगीरों में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन मृतक के पास कोई पहचान पत्र नहीं मिला। आसपास के लोगों ने बताया कि मृतक अक्सर सड़क किनारे रहता था और भीख मांगकर अपना गुजर-बसर करता था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें हादसे का पूरा घटनाक्रम कैद हो गया। फुटेज के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ऐरटी निवासी दो व्यक्तियों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि दोनों युवक वाहन पर सवार थे और उनकी लापरवाही ने एक बेबस व्यक्ति की जान ले ली।
सूत्रों की मानें तो गिरफ्तारी के बाद से ही मामला राजनीतिक रंग पकड़ने लगा है। शुक्रवार सुबह से ही कई कथित नेता और रसूखदार लोग आरोपियों को छुड़ाने के लिए कोतवाली के चक्कर काटते नजर आए। पुलिस पर दबाव बनाने की चर्चाएं भी पूरे दिन शहर में गर्म रहीं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। वहीं मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास भी जारी है। शहर में इस हादसे को लेकर लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।

रिपोर्टर : अविनाश शर्मा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.