डेढ़ साल बाद बेटे से मिला युनुस, अपना घर आश्रम की पहल से परिवार में लौटी खुशियां
शामली : करीब डेढ़ साल से परिवार से बिछड़े मानसिक रूप से अस्वस्थ युनुस का आखिरकार अपने बेटे और परिजनों से भावुक मिलन हो गया। यह संभव हो सका अपना घर आश्रम, शामली की सतत देखभाल, उपचार और काउंसलिंग के प्रयासों से।
आश्रम से मिली जानकारी के अनुसार, 4 दिसंबर 2025 को मिल रोड शामली से श्री नरेंद्र कुमार मित्तल की सूचना पर आश्रम की रेस्क्यू टीम ने एक असहाय व्यक्ति को आश्रम में भर्ती कराया था। उन्होंने अपना नाम युनुस बताया, लेकिन अपने परिवार और पते के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे पाए।
आश्रम में मानसिक रोग विशेषज्ञ डॉ. अरुण राय की देखरेख में उनका उपचार शुरू किया गया। उचित चिकित्सा, देखभाल और सकारात्मक वातावरण के कारण उनकी मानसिक स्थिति में धीरे-धीरे सुधार होने लगा। काउंसलिंग के दौरान युनुस ने अपने घर जाने की इच्छा व्यक्त की और अपना पता शाहजहां कॉलोनी, समर गार्डन, मेरठ बताया।
आश्रम के सहयोगी ऋषिपाल, जो मेरठ निवासी हैं, को युनुस की जानकारी उपलब्ध कराई गई। उनके प्रयासों से अगले ही दिन युनुस के परिवार से संपर्क स्थापित हो गया। इसी दौरान मेरठ थाना पुलिस का भी आश्रम में फोन आया, जहां युनुस की गुमशुदगी दर्ज थी।
शुक्रवार को युनुस का बेटा आशु, साला आमिर तथा मित्र महेश शर्मा उन्हें लेने अपना घर आश्रम पहुंचे। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद परिजन युनुस को अपने साथ ले गए। परिजनों ने आश्रम प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय बाद परिवार के सदस्य की वापसी उनके लिए किसी खुशी से कम नहीं है।
युनुस और उनके बेटे के मिलन के दौरान आश्रम में भावुक माहौल देखने को मिला। उपस्थित लोगों की आंखें भी इस दृश्य को देखकर नम हो गईं।
रिपोर्टर : अविनाश शर्मा

No Previous Comments found.