पशु के साथ अमानवीय कृत्य करने वाला आरोपी गिरफ्तार, अवैध तमंचा भी बरामद

कैराना : थाना कैराना पुलिस ने पशु के साथ अमानवीय कृत्य एवं पशु क्रूरता के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने एक अवैध 315 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 22 मई 2026 को कैराना के मोहल्ला बेगमपुरा स्थित बनखंडी मंदिर दरवाजे के पास एक व्यक्ति द्वारा पशु के साथ अमानवीय कृत्य किए जाने की घटना सामने आई थी। मामले में डॉ. योगी गौतम नाथ की तहरीर पर थाना कैराना में मुकदमा संख्या 364/26 धारा 325 बीएनएस तथा पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 3/11 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला एवं क्षेत्राधिकारी कैराना हेमंत कुमार के पर्यवेक्षण में थाना कैराना पुलिस ने आरोपी इन्तजार पुत्र मजीद निवासी राजेन्द्र कॉलोनी, कैराना को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर सरस्वती स्कूल के पास एक खाली प्लॉट में झाड़ियों के बीच छिपाकर रखा गया अवैध 315 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। बरामदगी के आधार पर आरोपी के विरुद्ध आयुध अधिनियम के तहत अलग से मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पशु क्रूरता और अवैध हथियार रखने से संबंधित दो मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राजकुमार बघेल, हेड कांस्टेबल प्रमोद कुमार तथा कांस्टेबल सोनू भाटी शामिल रहे।

रिपोर्टर : अविनाश शर्मा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.