बंदरों के हमले से महिला की मौत, गांव में दहशत और आक्रोश
शामली : जनपद के कांधला थाना क्षेत्र के गांव रामपुर खेड़ी गढ़ गोसाई में बंदरों के हमले से एक महिला की मौत हो जाने से गांव में दहशत फैल गई। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और उन्होंने प्रशासन से आवारा बंदरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी मिंटू की पत्नी पिंकेश घर के पास गोबर के उपले बना रही थीं। इसी दौरान अचानक बंदरों का एक झुंड वहां पहुंच गया और उन पर हमला कर दिया। हमले में पिंकेश गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।
मृतका के पति मिंटू, जो भट्ठे पर मजदूरी करते हैं, ने बताया कि उनके दो बेटे अरविंद और शिव हैं, जबकि बेटी रूप की शादी हो चुकी है। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए हंगामा किया। उनका कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से बंदरों का आतंक बना हुआ है, लेकिन समस्या के समाधान के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि बंदरों के कारण लोगों का घरों से निकलना भी मुश्किल हो गया है।
ग्राम प्रधान सोमगिरि ने बताया कि गांव में अब तक बंदरों को पकड़ने के लिए कोई विशेष अभियान नहीं चलाया गया है। उन्होंने वन विभाग और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई करते हुए बंदरों को पकड़ने तथा ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
घटना के बाद पूरे गांव में भय और गुस्से का माहौल है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बंदरों के आतंक से राहत नहीं दिलाई गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
रिपोर्टर : अविनाश शर्मा


No Previous Comments found.