युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश, शामली पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान

शामली : जनपद में नशा-मुक्त समाज के निर्माण और युवाओं को नशे की लत से बचाने के उद्देश्य से शामली पुलिस द्वारा विशेष नशा-मुक्ति जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के नेतृत्व में संचालित किया जा रहा है।

इसी क्रम में रविवार को पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला के मार्गदर्शन में थाना आदर्शमंडी पुलिस टीम द्वारा शामली रेलवे स्टेशन परिसर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई तथा उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य पर गंभीर प्रभाव डालता है। इसके साथ ही नशे की प्रवृत्ति अपराध और सड़क दुर्घटनाओं जैसी घटनाओं को भी बढ़ावा देती है। युवाओं से खेलकूद, शिक्षा, सामाजिक गतिविधियों और सकारात्मक कार्यों में भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को बताया गया कि नशा-मुक्त जीवन ही सुरक्षित, स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। पुलिस टीम ने समाज के सभी वर्गों से नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और युवाओं को इससे दूर रखने में सहयोग करने की अपील की।

शामली पुलिस की अपील

“नशे से दूर रहें, स्वस्थ जीवन अपनाएँ एवं समाज को नशा-मुक्त बनाने में सहयोग करें।”

रिपोर्टर : अविनाश शर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.