शामली में देर रात पेंट की दुकान में भीषण आग, 30 लाख का नुकसान, जांच में जुटी पुलिस

शामली : शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सलेक विहार में स्थित एक पेंट की दुकान में रविवार तड़के संदिग्ध परिस्थितियों में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान कुछ ही देर में जलकर राख हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, हरियाणा के पानीपत निवासी विकास की सलेक विहार में पेंट की दुकान है। देर रात करीब दो बजे मकान मालिक ने फोन कर दुकान में आग लगने की सूचना दी। सूचना मिलते ही दुकानदार तत्काल शामली के लिए रवाना हो गया।
घटना की जानकारी मिलने पर फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकान में रखा पेंट और अन्य सामान पूरी तरह नष्ट हो चुका था। दुकानदार ने करीब 30 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान बताया है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। शुरुआती तौर पर मामला संदिग्ध माना जा रहा है, जिसके चलते पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
पीड़ित दुकानदार ने पुलिस को तहरीर देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। वहीं, इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में भी चिंता का माहौल है।

रिपोर्टर : अविनाश शर्मा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.